न्यूज 127.
आठ साल की मासूम बच्ची के साथ जबरन दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। यह घटना पीड़िता के ममेरे भाई ने अंजाम दी। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पॉस्को समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
ये घटना कोतवाली बाजपुर क्षेत्र की है। बताया गया कि तीन मई को यहां रहने वाली पीड़िता की मां रोजाना की तरह मजदूरी के लिए एक खेत गई थी। घर पर उसकी आठ और छह साल की दो बेटियां मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान नजदीकी गांव में रहने वाला बच्चियों का ममेरा भाई घर पहुंचा और बच्ची को बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया और गांव के पास स्थित राइस मिल ले जाकर उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी बच्ची को ख़ून में लथपथ गंभीर हालत में छोड़कर फ़रार हो गया। मां को जब इस घटना की जानकारी लगी तो उसके होश उड़ गए। मां ने पूछा तो बच्ची ने सारा सच बता दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद आरोपी युवक और उसकी मां उनके घर पहुंचे और बच्ची का इलाज कराने के बहाने उसे जबरन उससे छीन कर ले जाने लगे।
पीड़िता की मां का आरोप है कि जब बच्ची को देने से इनकार किया तो उसे भी धमकाया गया। उसने ग्रामीणों से मदद मांगी, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपियों को घेर लिया और उनसे बच्ची को वापस ले लिया। बच्ची का हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। बच्ची के पिता पांच-छह वर्ष पहले घर छोडकर जा चुके है, जिससे परिवार का पालन-पोषण मां मजदूरी कर ही कर रही है।
बाजपुर क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार का कहना है कि पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध पॉस्को सहित कई धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया है, आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




