न्यूज 127. देहरादून।
देहरादून-मसूरी मार्ग पर बुधवार सुबह उस वक्त दर्दनाक हादसा हो गया जब एक राशन और कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 5ः30 बजे मसूरी झील से करीब 200 मीटर आगे देहरादून की ओर एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस फायर सर्विस, 108 एंबुलेंस और उप जिला चिकित्सालय की टीम मौके पर पहुंची। हादसे की सूचना एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को भी दी गई।
मौके पर पहुंची टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कर घायल और मृतक को खाई से निकाला। पुलिस के अनुसार ट्रक संख्या यूके 07-सीबी-1727 रेलवे स्टेशन देहरादून से कोल्ड ड्रिंक, तेल और अन्य राशन सामग्री लेकर उत्तरकाशी जा रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
मृतक ट्रक चालक की पहचान मुबारिक पुत्र इलियास अली निवासी टिमली, थाना सहसपुर, देहरादून के रूप में हुई, घायल हेल्पर साजिद पुत्र रहमत है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद का झोंका आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिरा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




