पथ प्रवाह, हरिद्वार
हरिद्वार के सराय ग्राम में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर की पानी की टंकी में एक-दो नहीं बल्कि 27 सांप के बच्चे पाए गए। टंकी में अचानक बड़ी संख्या में सांप दिखाई देने से घर के सदस्यों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। परिवार ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। रेस्क्यू अभियान के दौरान स्नेकमैन तालिब और भोला ने बेहद सावधानी और कुशलता के साथ सभी सांप के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।
विशेषज्ञों के अनुसार, बरसात के मौसम में इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं, क्योंकि सांप पानी और सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों के आसपास आ जाते हैं। रेस्क्यू टीम ने बताया कि पकड़े गए सभी सांप ‘चेकर्ड कीलबैक’ प्रजाति के हैं, जिन्हें आमतौर पर पानी का सांप कहा जाता है और ये विषैले नहीं होते।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की स्थिति में घबराएं नहीं और स्वयं सांप पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।




