हरिद्वार-लक्सर रोड पर बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉली से ओवरलोड खनन, जिम्मेदार कौन ?








Listen to this article

हरिद्वार।
हरिद्वार-लक्सर रोड पर यातायात का दबाव पहले से ही काफी अधिक है, लेकिन अब इस व्यस्त मार्ग पर ओवरलोड खनन वाहनों की आवाजाही ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। नियमों को ताक पर रखकर बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खुलेआम सड़कों पर दौड़ रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

बुधवार सुबह करीब आठ बजे एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवरलोड खनन सामग्री लेकर तेज रफ्तार से हरिद्वार-लक्सर रोड पर दौड़ती हुई दिखाई दी। हैरानी की बात यह रही कि यह वाहन जगजीतपुर पुलिस चौकी के सामने से होकर गुजरा, लेकिन पुलिस ने उसे रोकने या जांच करने की कोई कोशिश नहीं की। वाहन बिना किसी रोक-टोक के आगे निकल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ऐसे वाहन अक्सर देखे जाते हैं, जो न सिर्फ ओवरलोड होते हैं बल्कि कई बार बिना नंबर प्लेट के चलते हैं। यह सीधे तौर पर परिवहन विभाग के नियमों का उल्लंघन है। इसके बावजूद इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

सवाल यह उठता है कि जहां पुलिस हेलमेट, सीट बेल्ट और ओवरस्पीड जैसे मामलों में सख्ती दिखाती है, वहीं ऐसे खतरनाक और नियमों को तोड़ने वाले वाहनों पर नजर क्यों नहीं जाती। अगर इन वाहनों के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में इस तरह के वाहनों की पहचान आसानी से की जा सकती है। जरूरत है तो केवल सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की।

हरिद्वार-लक्सर रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह की लापरवाही न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करती है, बल्कि आम लोगों की जान को भी खतरे में डालती है। प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।