
न्यूज 127. पिछले लगभग एक माह से चल रहा पुरुषोत्तम मास सोमवार को समाप्त हो गया। मलमास समाप्ति के साथ ही कल से सभी प्रकार के शुभ और मांगलिक कार्य प्रारंभ हो जाएंगे। अब करीब एक माह तक फिर से शादी विवाह आदि मांगलिक कार्य हो सकेंगे।
ज्योतिष वास्तु एवं रत्न सलाहकार राहुल अग्रवाल ने बताया कि मलमास समाप्ति के साथ ही आज से सभी प्रकार के शुभ और मांगलिक कार्य प्रारंभ हो जाएंगे। अब देशभर में फिर से एक बार शहनाइयों की गूंज सुनाई देने लगेगी। लेकिन मांगलिक कार्यों के लिए यह समय लगभग एक माह के लिए ही रहेगा। यानि 16 जून से 14 जुलाई के बीच में ही शुभ कार्य शास्त्रीय मान्यता के अनुसार हो सकते हैं, क्योंकि 15 जुलाई को दिन बुधवार से देवगुरु बृहस्पति अस्त हो जाएंगे।
मान्यता के अनुसार जब बृहस्पति ग्रह अस्त होते हैं तब विवाह आदि मांगलिक कार्य नहीं हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त भी 25 जुलाई दिन शनिवार को देव शयनी एकादशी के साथ चातुर्मास भी प्रारंभ हो जाएगा, जो लगभग 20 नवंबर 2026 तक रहेगा। इस बीच भी शुभ और मांगलिक कार्यों जैसे विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश, नींव पूजन आदि कार्यों करने की शास्त्रों में मनाही है।
अगर आपके घर परिवार में भी कोई शुभ और मांगलिक व शुभ कार्य होने हैं तो आपको लगभग 1 महीने का समय 16 जून से 14 जुलाई 2026 तक मिलेगा इसी बीच में आप अपने शुभ और मांगलिक कार्य को संपन्न कर सकते हैं।




