सीएम धामी से मिले रियांश पंत और प्रिशा रावत, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
न्यूज 127, देहरादून।
तंजानिया स्थित अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने वाले नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों बाल पर्वतारोहियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना दोनों बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रियांश और प्रिशा ने अपनी उपलब्धि से न केवल अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया है, बल्कि उत्तराखंड के अन्य बच्चों और युवाओं के सामने भी प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
9 वर्षीय रियांश ने 5,895 मीटर की ऊंचाई पर फहराया तिरंगा
अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी 9 वर्षीय मास्टर रियांश पंत और नैनीताल जिले के बैलपड़ाव निवासी 10 वर्षीय प्रिशा रावत ने 22 अगस्त 2026 को 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी का सफल आरोहण किया था। दोनों ने चोटी पर तिरंगा फहराकर देश और उत्तराखंड का मान बढ़ाया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। रियांश और प्रिशा जैसी उपलब्धियां प्रदेश के बच्चों और युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगी।








