जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री आवास में उमड़ा स्नेह, दिखी ‘टीम उत्तराखण्ड’ की तस्वीर






Listen to this article

मंत्रियों से लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों तक ने दी मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को शुभकामनाएं, बोले—सहयोग और समन्वय से आगे बढ़ेगा उत्तराखण्ड

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में दिनभर आत्मीयता और उत्साह का माहौल रहा। सुबह से देर शाम तक प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न वर्गों के लोग मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचते रहे। पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे लोगों के बीच मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। लंबे समय से उनके साथ कार्य कर रहे मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी भी इस अवसर पर बधाई देने पहुंचे। मुलाकात के दौरान आत्मीय माहौल बना रहा।

‘टीम उत्तराखण्ड’ के साथ विकास का संकल्प
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभकामनाओं के लिए सभी का आभार जताते हुए कहा कि साथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का स्नेह उनके लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की सेवा केवल सरकार की नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता और प्रत्येक नागरिक की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों-कर्मचारियों को टीम भावना से आगे बढ़ना होगा।

दिनभर चलता रहा शुभकामनाओं का दौर
मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की बधाई देने वालों में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर शुभकामनाएं दीं। विभिन्न वर्गों से पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।