News 127, हरिद्वार।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के शुभ अवसर पर तीर्थनगरी हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मां मनसा देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस मौके पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने प्रधानमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सफल जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर मंदिर पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को 76 किलो लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया।
‘पीएम मोदी के नेतृत्व में बढ़ा भारत का वैश्विक गौरव’
समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि नरेंद्र मोदी के रूप में देश को एक महान और दूरदर्शी नेतृत्व मिला है। उनके कुशल मार्गदर्शन में भारत का प्रभाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ा है। देश न केवल आर्थिक और सामरिक रूप से सशक्त हुआ है, बल्कि सनातन संस्कृति को भी विश्व पटल पर एक नई पहचान और सम्मान मिला है।
राम मंदिर का सपना पूरा, अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि की आस
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के भगीरथ प्रयासों से ही अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण संभव हो सका, जिससे हिंदू समाज की 500 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा समाप्त हुई। उन्होंने आगे कहा कि अब समूचे सनातन जगत की आकांक्षा मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर है। पूरा सनातन समाज चाहता है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्त हो और वहां भी एक भव्य मंदिर का निर्माण किया जाए।
मंदिर परिसर में लगा श्रद्धालुओं का तांता
विशेष पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चला, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा, महंत राजगिरी, मंदिर प्रबंधक महेश दुबे, स्वामी दिव्य आत्मानंद महाराज, विश्वास आनंद महाराज, अमित वालिया सहित बड़ी संख्या में संत-महंत और श्रद्धालु उपस्थित रहे।


