चार गलियों का रास्ता नहीं होगा बंद, पुल की एप्रोच रोड का बदलेगा डिजाइन




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
विकास कार्य लोगों की सुविधा के लिए होने चाहिए, परेशानी बढ़ाने के लिए नहीं। टिहरी विस्थापित कॉलोनी में निर्माणाधीन पुल के कारण तीन-चार गलियों का आवागमन प्रभावित होने की शिकायत मिलते ही नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मेला अधिकारी सोनिका के साथ किए गए स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पुल की एप्रोच रोड के डिजाइन में संशोधन करने के निर्देश दिए गए।

पालिकाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के कारण किसी भी स्थिति में स्थानीय नागरिकों का रास्ता बंद नहीं होना चाहिए। उन्होंने लोनिवि (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता को एप्रोच रोड में आवश्यक बदलाव कर चारों गलियों के निवासियों के लिए सुगम रास्ता सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

बागेश्वर धाम तक बनेगा नया संपर्क मार्ग
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बागेश्वर धाम (बागों वाले देवता) तक मुख्य मार्ग से संपर्क मार्ग बनाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे मेला अधिकारी सोनिका ने तुरंत स्वीकृति प्रदान कर दी।

चौड़ीकरण करने और अतिक्रमण हटाने की योजना
शिवालिक नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण, सफेद पट्टी डलवाने, अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई और श्याम चिन्ह तिराहे के पुनर्निर्माण पर चर्चा की गई। इसके साथ ही अटल वाटिका से गंगा नगरी तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

इस दौरान एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता योगेश सिंह सहित एचआरडीए और नगर पालिका के कई अधिकारी मौजूद रहे।