पत्नी से संबंध के शक में युवक की हत्या, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127, हल्द्वानी:
बनभूलपुरा क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई युवक की संदिग्ध मौत के मामले का नैनीताल पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी पत्नी और मृतक के बीच अवैध संबंध होने का शक था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

बरामदे में मिला था शव, गले पर थे निशान
16 सितंबर 2026 को स्थानीय पार्षद की सूचना पर बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बरामदे में एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अमन ठाकुर (29 वर्ष), निवासी हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। फॉरेंसिक टीम को निरीक्षण के दौरान मृतक के गले पर यू-आकार का निशान मिला, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने निक्की उर्फ नाटी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

सीसीटीवी और सुरागरसी से हत्थे चढ़ा आरोपी
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर 17 सितंबर को आरोपी निक्की उर्फ नाटी (32 वर्ष) को रेलवे स्टेशन के समीप गौला नदी किनारे झोपड़ी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दुपट्टा उसके कार्यस्थल से बरामद हुआ।

साली को दी थी जान से मारने की धमकी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसे अपनी पत्नी और अमन के संबंधों पर शक था, जिसको लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। उसने 15 सितंबर को अपनी साली को फोन कर हत्या करने की धमकी भी दी थी। आरोपी का पूर्व में आबकारी अधिनियम के तहत भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।