न्यूज 127, देहरादून
मियांवाला में जल सृष्टि पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम से लौट रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काफिला शुक्रवार को उस समय अचानक रुक गया, जब मार्ग में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बच्चे मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़क किनारे खड़े नजर आए। लोगों के उत्साह और आत्मीयता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने स्वयं काफिला रुकवाया और सुरक्षा घेरे से बाहर निकलकर आमजन के बीच पहुंच गए।
मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरे खिल उठे। लोगों ने मुख्यमंत्री से उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री धामी ने भी सहजता दिखाते हुए किसी को निराश नहीं किया। उन्होंने बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। स्थानीय लोगों ने भी मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए अपनी भावनाएं साझा कीं। मुख्यमंत्री ने लोगों की बातें सुनीं और पूरी आत्मीयता के साथ उनसे बातचीत की। कुछ देर के लिए सड़क किनारे का माहौल औपचारिक कार्यक्रम से अलग एक आत्मीय मिलन में बदल गया।
मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। काफिला रुकने और मुख्यमंत्री के स्वयं आमजन के बीच पहुंचने का दृश्य लोगों के लिए यादगार बन गया। खासकर बच्चों में मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लेने को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता से मिलना और उनके बीच रहना उनके लिए हमेशा सुखद अनुभव रहा है। प्रदेश की जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।


