न्यूज 127, मेरठ।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में आगामी 26वें स्थापना दिवस की तैयारियों के तहत विभिन्न कला, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के ऑडिशन जारी हैं। इसी क्रम में कॉलेज परिसर में रंगोली और सामान्य ज्ञान (क्विज़) चयन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
‘महिला सशक्तिकरण’ और ‘विकसित भारत’ विषय पर सजीं रंगोलियां
‘महिला सशक्तिकरण’ तथा ‘विकसित भारत 2047’ जैसे सामाजिक विषयों पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक सोच और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ब्रजमोहिनी और कुसुम (टीम ‘A’) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय स्तरीय मुख्य प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया, जबकि स्नेहा और मुस्कान (टीम ‘B’) की प्रस्तुति भी सराहनीय रही।
क्विज़ में आकर्ष निर्वाण और स्नेहा यादव ने मारी बाजी
इसके उपरांत विज्ञान, प्रौद्योगिकी और समसामयिक विषयों पर आधारित क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। कड़े बौद्धिक मुकाबले में तृतीय वर्ष के आकर्ष निर्वाण और चतुर्थ वर्ष की स्नेहा यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
2 अक्टूबर को मुख्य समारोह में करेंगे प्रतिनिधित्व
सांस्कृतिक सचिव डॉ. नीलेश कपूर ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं से चयनित विजेता आगामी 2 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के मुख्य स्थापना दिवस समारोह में कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर. एस. सेंगर ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होती हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. आर. एस. सेंगर के नेतृत्व व सांस्कृतिक सचिव डॉ. पंकज चौहान एवं डॉ. नीलेश कपूर के पर्यवेक्षण में हुआ। इस दौरान डॉ. अमित कुमार, डॉ. रेखा दीक्षित, डॉ. आकाश, डॉ. संदीप, डॉ. बुधियास, यशवर्धन, वंश, अनुष्का और काव्या सहित कई शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।


