न्यूज 127, हरिद्वार।
मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वाधान में सोमवार को आध्यात्मिक गुरु एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का 75वां जन्मदिवस ‘सद्भावना समारोह’ के रूप में ऋषिकुल मैदान में धूमधाम से मनाया गया। इस भव्य आयोजन में देशभर से आए लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल ले. ज. (से.नि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर सतपाल महाराज को शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
आध्यात्मिक गुरुओं का मार्गदर्शन अमूल्य: राज्यपाल
समारोह की शुरुआत वंदे मातरम और राष्ट्रगान से हुई। सतपाल महाराज के पुत्रों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने तीन पुस्तकों का विमोचन भी किया। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि सनातन संस्कृति की पताका फहराने और आत्मनिर्भर व ‘विश्व गुरु भारत’ का सपना साकार करने में सतपाल महाराज जैसे आध्यात्मिक गुरुओं का मार्गदर्शन अमूल्य है।
महाराज ने लाखों लोगों को सही दिशा दिखाई: धामी
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां गंगा से उनके शतायु व दीर्घायु होने की प्रार्थना की। सीएम ने कहा कि सतपाल महाराज ने अपने जीवन के 75 वर्षों में लाखों लोगों को सही दिशा दिखाई है। इतने बड़े आयोजन में श्रद्धालुओं का अनुशासन सतपाल महाराज की प्रेरणा का ही प्रतिफल है।
आत्मज्ञान और चरित्र निर्माण पर सतपाल महाराज का जोर
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि देश की एकता, अखंडता, भेदभाव रहित समाज और आपसी सौहार्द ही राष्ट्रीय विकास का मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि आत्मज्ञान और सकारात्मक विचारों से ही जीवन की कठिनाइयों का सामना किया जा सकता है। मानव धर्म ही सच्चा धर्म है और हमारी युवा पीढ़ी को शास्त्रों की शिक्षा लेकर चरित्रवान बनना चाहिए।
गृहमंत्री अमित शाह ने भेजा शुभकामना संदेश
कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा भेजा गया शुभकामना संदेश भी पढ़कर सुनाया गया। समारोह में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक आदेश चौहान, सतपाल महाराज की धर्मपत्नी पूर्व मंत्री अमृता रावत, विभुजी महाराज, सुयश महाराज, आराध्या रावत, मोहिना कुमारी, रीवा राजघराने के पुष्पराज भूदेव, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


