चोरी का माल दबाया, चार आबकारी कर्मी गिरफ्तार




Listen to this article

शिमला से नेपाल ले जाई जा रही थी लाखों की ज्वेलरी और नगदी, रुद्रपुर-रामपुर सीमा पर चेकिंग के बाद खुला पूरा खेल

न्यूज 127, रुद्रपुर।
शिमला में हुई बड़ी चोरी का माल नेपाल पहुंचाने की कोशिश के बीच रुद्रपुर में ऐसा खुलासा हुआ, जिसने आबकारी विभाग के चार कर्मियों को कटघरे में खड़ा कर दिया। शिमला से चोरी कर नेपाल ले जाई जा रही बहुमूल्य ज्वेलरी और नगदी रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेकपोस्ट तक पहुंची, जहां चेकिंग के दौरान बरामद चोरी की संपत्ति को अपने पास रखने के आरोप में चार आबकारी कर्मियों को हिमाचल और ऊधमसिंहनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर ऊधमसिंहनगर पुलिस ने हिमाचल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर जांच का जाल बिछाया। सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल पुलिसिंग और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए संदिग्धों के आवागमन की पड़ताल की गई। जांच में सामने आया कि शिमला में चोरी के बाद संदिग्ध नेपाली व्यक्ति दिल्ली पहुंचे और वहां से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर रुद्रपुर के रास्ते नेपाल जाने की तैयारी में थे।

8 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे कार रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेकपोस्ट पर पहुंची। चेकिंग के दौरान वाहन और उसमें सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्हें चेकपोस्ट परिसर में ले जाकर सामान की जांच की गई। यहीं से चोरी की संपत्ति से जुड़ी अहम कड़ियां पुलिस के हाथ लगीं।

जांच और पूछताछ में चार आबकारी कर्मियों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने बलजीत सिंह (35), निवासी लालपुर किच्छा; नईम (36), निवासी मंसूरनगर केलाखेड़ा; पप्पू लाल (58), निवासी लखनऊ कॉलोनी गदरपुर; और देवेंद्र कुमार (56), निवासी मालधनचौड़ रामनगर को गिरफ्तार किया।

शिमला के घर से उड़ाया था कीमती सामान

थाना सदर शिमला में 8 सितंबर को दर्ज एफआईआर संख्या 117/2026 में आवास से नकदी, सोने-हीरे के आभूषण, घड़ियां और अन्य कीमती सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज थी। विवेचना में करिश्मा नामक नेपाली महिला समेत संदिग्धों की जानकारी सामने आई थी। ऊधमसिंहनगर पुलिस की पड़ताल ने चोरी के माल की आवाजाही से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य हिमाचल पुलिस के सामने रखे।

20 सितंबर की रात दबोचे गए चारों

साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गिरफ्तारी के पर्याप्त आधार मिलने के बाद हिमाचल पुलिस और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने चारों आरोपियों को 20 सितंबर की रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से शिमला चोरी प्रकरण से संबंधित बहुमूल्य आभूषण और नगदी बरामद की गई है।

गिरफ्तारी और बरामदगी से जुड़ी वैधानिक कार्रवाई हिमाचल पुलिस द्वारा की जा रही है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई को अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध पुलिस की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।