नशे के सौदागरों पर कसेगा शिकंजा, थाने में ही मिलेगा न्याय




Listen to this article

हरिद्वार के नए एसपी दीपक सिंह ने संभाला कार्यभार

न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह ने मंगलवार को कार्यभार संभालते ही जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने की प्राथमिकताएं साफ कर दीं। वर्ष 2017 बैच के पीपीएस अधिकारी दीपक सिंह टिहरी और ऊधमसिंहनगर में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। कुंभ 2021 के दौरान भी वह हरिद्वार में तैनात रहे हैं।

कार्यभार संभालने के बाद एसपी ने कहा कि हरिद्वार अंतरराष्ट्रीय स्तर की तीर्थनगरी है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पुलिस का प्रयास रहेगा कि यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक बेहतर अनुभव लेकर लौटें।

नशे के कारोबार पर सीधी चोट
दीपक सिंह ने नशे की रोकथाम को प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार और इससे जुड़े अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।

साइबर ठगी से भी सावधान करेंगे
बढ़ते साइबर अपराध को चुनौती बताते हुए एसपी ने कहा कि लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों और बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। पुलिस स्तर पर साइबर अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई पर जोर रहेगा।

शिकायत लेकर भटकना नहीं पड़ेगा
एसपी ने साफ कहा कि आम लोगों को अपनी शिकायत के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। थाने और निचले स्तर पर ही शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस को अधिक जवाबदेह और संवेदनशील बनाने पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और बेहतर पुलिसिंग ही पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।