वाणिज्य कर आयुक्त से मिले हरिद्वार के व्यापारी, त्योहारों में सघन चेकिंग रोकने की मांग




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार
त्योहारों के बीच हरिद्वार के बाजारों में चल रहे जीएसटी के सघन चेकिंग अभियान को लेकर व्यापारियों का गुस्सा अब अधिकारियों के दरवाजे तक पहुंच गया है। मंगलवार को हरिद्वार के व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में वाणिज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन से मुलाकात कर त्योहारों के दौरान सघन चेकिंग अभियान रोकने और किसी भी कार्रवाई से पहले संबंधित व्यापारी को सूचना देने की मांग उठाई।

व्यापारी नेता डॉ. विशाल गर्ग ने दो टूक कहा कि व्यापारी जीएसटी और सरकार के नियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन जांच के नाम पर लगातार कार्रवाई से दुकानदारों को सामाजिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि त्योहार व्यापारियों के लिए साल के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी अवसरों में शामिल होते हैं। ऐसे समय में विभाग और व्यापारियों के बीच टकराव नहीं, बल्कि संवाद और सहयोग का माहौल होना चाहिए।

“जांच हो, लेकिन व्यापारियों को प्रताड़ित न किया जाए”
हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता, संरक्षक नरेंद्र अग्रवाल और ललित गोयल ने कहा कि यदि किसी व्यापारी पर टैक्स की देनदारी निकलती है तो उसकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए पार्ट पेमेंट की सुविधा पर भी विचार किया जाना चाहिए। एकमुश्त भुगतान का दबाव छोटे और मध्यम कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल सकता है।

नियमों की जानकारी के लिए बने संवाद का मंच
हरिद्वार हार्डवेयर संगठन के राजीव शर्मा ने कहा कि जीएसटी के प्रावधानों को लेकर व्यापारियों के बीच कई बार भ्रम की स्थिति रहती है। विभागीय अधिकारियों और व्यापारियों के बीच नियमित समन्वय बैठकें हों तो नियमों की जानकारी स्पष्ट होगी और अनावश्यक विवादों की गुंजाइश भी कम होगी।

देहरादून के व्यापारी नेता विनय गोयल और राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी सरकार के साथ सहयोग करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और व्यापारियों के बीच बेहतर संवाद से व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

आयुक्त ने दिया आश्वासन
वाणिज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि कार्रवाई से पहले संबंधित दुकानदार को सूचना देने का प्रयास किया जाएगा। आयुक्त के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने विभाग के साथ संवाद और सहयोग जारी रखने की बात कही।