कटारपुर को ‘गौतीर्थ’ के रूप में विकसित करे सरकार: महामंडलेश्वर स्वामी राम मुनि




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
ग्राम कटारपुर स्थित गौसेवक शहीद स्थल को ‘गौतीर्थ’ के रूप में विकसित करने की मांग को लेकर संत समाज और गौभक्त एकजुट होने लगे हैं। रविवार को बड़ा उदासीन अखाड़ा के महामंडलेश्वर एवं सन्त मण्डल आश्रम (भीमगौड़ा) के पीठाधीश्वर स्वामी राम मुनि महाराज ने कटारपुर गांव पहुंचकर गौमाता की पूजा-अर्चना की और अंग्रेजों के शासनकाल में गौवंश को बचाने के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को नमन किया।

इस दौरान स्वामी राम मुनि महाराज ने बलिदानी परिवार के सचिन चौहान सहित अन्य परिवारों के सदस्यों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने सरकार से मांग की कि ग्राम कटारपुर को ‘गौतीर्थ’ के रूप में विकसित कर बलिदानी गौभक्तों को उचित सम्मान दिया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और गौ संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

चुनावी वादों तक सिमटा स्मारक का मुद्दा
कार्यक्रम में बुजुर्ग ग्रामीण डॉ. श्याम सिंह आर्य ने बताया कि पूर्व में विधायक रहे ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश मुनि ने इस गौ शहीद स्मारक का जीर्णोद्धार कराया था। लेकिन उसके बाद से जनप्रतिनिधियों ने केवल चुनावी वादे किए और किसी ने इस स्थल की सुध नहीं ली।

हनुमान चालीसा पाठ व आरती के बाद लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामवासियों और गौभक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर गौमाता की आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया। सभी ने स्वामी राम मुनि जी के नेतृत्व में इस मुहिम को आगे बढ़ाने और हर उचित माध्यम से शासन-प्रशासन तक आवाज पहुंचाने की शपथ ली।

ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में स्वामी ओमकार पूरी महाराज, समाजसेवी संदीप सिंहानिया, धर्म जागरण के सह संयोजक डॉ. राहुल सिंह, आचार्य दिव्य प्रकाश, शेखर चौहान, राजबीर चौहान, मदनलाल चौहान, पंडित राजेंद्र दास ‘अंकित’, पंडित गंगाशरण शर्मा, प्रदीप प्रजापति, रितेश शर्मा, पवन चौहान, जीवेंद्र तोमर, सुमन शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।