जिला और नगर निगम प्रशासन की सख्ती के बाद हरिद्वार में विद्युत पोलों से हटने लगे अवैध केबल-तार




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर नगर क्षेत्र में विद्युत पोलों पर बिना अनुमति और बेतरतीब ढंग से लगाए गए केबल और तारों को हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया है। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने देवपुरा चौक से रानीपुर मोड़ के बीच कार्रवाई करते हुए अनधिकृत केबलों को हटाया।

गौरतलब है कि जिलाधिकारी ने पूर्व में केबल ऑपरेटरों के साथ बैठक कर स्वयं तार हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया था। इसके बावजूद कार्रवाई न करने पर प्रशासन को स्वयं मैदान में उतरना पड़ा। बेतरतीब फैले तारों से शहर की सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ पोलों पर अतिरिक्त भार और हादसों का खतरा बना हुआ था।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केबल ऑपरेटरों को नियमानुसार अनुमति लेने के बाद ही व्यवस्थित तरीके से केबल बिछाने की इजाजत होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि देवपुरा से रानीपुर मोड़ के बाद यह अभियान शहर के अन्य हिस्सों में भी लगातार जारी रहेगा।