डॉ. सुधांशु त्रिवेदी बोले— पीएम मोदी के विजन से बनेगा आत्मनिर्भर भारत




Listen to this article

मेरठ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित

न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महानगर मेरठ द्वारा सर्किट हाउस परिसर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी तथा पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देने के साथ भारत को मैन्युफैक्चरिंग एवं सेमीकंडक्टर का वैश्विक केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने विकसित भारत के इस लक्ष्य में आम नागरिकों की सहभागिता पर विशेष जोर दिया। अपने संबोधन के दौरान डॉ. त्रिवेदी ने विपक्ष पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि राजनीति में एक तरफ आपसी ईर्ष्या और स्वार्थ के जरिए समाज को बांटने वाली प्रवृत्तियां हैं, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री देश को लगातार प्रगति के पथ पर आगे ले जाने के लिए समर्पित हैं।

सर्किट हाउस के कार्यक्रम के पश्चात डॉ. सुधांशु त्रिवेदी और अन्य भाजपा पदाधिकारी चौधरी चरण सिंह (CCS) विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां स्पोर्ट्स ग्राउंड में प्राकृतिक रंगों से बनाई गई 108×108 फीट की विशाल रंगोली का औपचारिक उद्घाटन किया गया, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण रही।

सभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

वहीं पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंच रहा है। कैंट विधायक अमित अग्रवाल और महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने भी विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, कमल दत्त शर्मा, पूर्व विधायक सतवीर त्यागी, पूर्व सहकारी बैंक चेयरमैन मनेन्द्र पाल सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, अजय भराला, महानगर मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, महानगर महामंत्री विनय शर्मा पाराशर, रवीश अग्रवाल, अभियान संयोजक एवं महानगर उपाध्यक्ष विवेक वाजपेयी, सीमा श्रीवास्तव, वीनस शर्मा, राहुल गुप्ता, ललित नागदेव और युवा मोर्चा महामंत्री विनोद जाटव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।