न्यूज 127, हरिद्वार।
आजमगढ़ में आयोजित प्रतिष्ठित ‘सीबीएसई नेशनल आर्चरी प्रतियोगिता’ में डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर (हरिद्वार) के खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस शानदार जीत से विद्यालय प्रबंधन और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
प्रतियोगिता में डीएवी जगजीतपुर के चार उभरते धनुर्धरों—कबीर वर्मा, श्लोक सक्सेना, यथार्थ किमोठी (तीनों कक्षा 8) और मनन चौहान (कक्षा 6) ने अपनी टीम स्पर्धा में अचूक निशाना साधते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय सफलता ने उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति अद्भुत समर्पण को साबित किया है।
खिलाड़ियों की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल एवं समस्त शिक्षक वर्ग ने विजेता टीम का भव्य स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। इन नन्हे खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि लगन और निरंतर अभ्यास से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
चारों खिलाड़ियों की यह स्वर्णिम सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा और शिक्षकों व छात्रों ने विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


