2027 में बनेगी तीसरी बार भाजपा सरकार, हरिद्वार की सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य: बांसुरी स्वराज




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।

भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। शुक्रवार को जगजीतपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में प्रदेश सह-प्रभारी व सांसद बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए राज्य में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की।

मुख्य वक्ता बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हरिद्वार न केवल धार्मिक नगरी है, बल्कि उत्तराखंड का प्रवेश द्वार भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के भ्रमजाल को तोड़ते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक ले जाने के निर्देश दिए, ताकि जिले की सभी सीटों पर कमल खिल सके।

जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सख्त नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज व बुनियादी ढांचे का मजबूत विकास किया है। उन्होंने बूथ मजबूत करने को ही जीत का मूलमंत्र बताया।

बैठक में दर्जाधारी राज्य मंत्री डॉ. जयपाल चौहान, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व महापौर मनोज गर्ग, जिला सह-प्रभारी दीपक धमिजा, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, जिला महामंत्री संजीव चौधरी व हीरा सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।