पति की कातिल पत्नी इल्मा गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
लोहियानगर थाना क्षेत्र के जाकिर कॉलोनी में हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी इल्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

मामला जाकिर कॉलोनी का है, जहाँ आरोपी पत्नी इल्मा ने पति तालिब की हत्या के बाद परिजनों को हार्ट अटैक से मौत होने की झूठी कहानी सुनाई थी और शव को दफना दिया था। शक होने और पुलिस में शिकायत के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तालिब का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होते ही पुलिस ने इल्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

कड़ाई से पूछताछ में इल्मा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पति से हुए विवाद के बाद उसने अपने प्रेमी (जो पति का ही दोस्त है) को घर बुलाया था। इसके बाद प्रेमी ने तालिब का गला दबाया और इल्मा ने उसके पैर जकड़कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

हत्या की बात स्वीकार करते हुए इल्मा ने खुद के लिए फांसी की सजा तक की मांग की है। पुलिस ने आरोपी इल्मा को अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल फरार प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है।