SSP ने अर्दली रूम में अभिलेखों का किया निरीक्षण, समयबद्ध कार्रवाई और अनुशासन के दिए निर्देश




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेरठ ने शुक्रवार को साप्ताहिक परेड के उपरांत पुलिस लाइन्स स्थित आदेश कक्ष में अर्दली रूम की कार्यवाही की। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालयों और थानों से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेखों व रजिस्टरों का गहनता से अवलोकन और परीक्षण किया।

अर्दली रूम की कार्यवाही के दौरान एसएसपी ने अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों, विवेचनाओं और आवश्यक विभागीय जांचों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय कार्यों में गति लाने और अभिलेखों को अद्यावधिक (अपडेट) रखने के लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सभी लंबित प्रकरणों और जांचों में निर्धारित समयावधि के भीतर वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने मातहतों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की सीख दी।

बैठक के दौरान एसएसपी ने पुलिस महकमे में अनुशासन, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता और तेजी से ही आमजन का भरोसा कायम रखा जा सकता है। निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन्स और पुलिस कार्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।