इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष की ताबड़तोड़ गोली बरसाकर हत्या




Listen to this article

नवीन चौहान.
हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। इस घटना में गोली लगने से तीन सुरक्षा गार्ड भी घायल हुए हैं। इस घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।

हरियाणा के बहादुरगढ़ में रविवार को कुछ लोगों ने इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी पर जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना बहादुरगढ़ में बराही फाटक के पास हुई। एक कार में आए हमलावरों ने नफेसिंह राठी और उनके सुरक्षाकर्मियों पर गोलियां चला दी। बताया जा रहा है कि इसमें राठी समेत कुल 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राठी के 3 सुरक्षाकर्मियों को भी गोलियां लगी हैं।

घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। घायलों को ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उपचार के दौरान नफे सिंह राठी की मृत्यु हो गई, सुरक्षाकर्मियों का उपचार जारी है। इस घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल में जुट गए। वहीं परिजनों ने हमलवारों की गिरफ्तारी की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बेटे ने कहा है कि जब तक हमलावर गिरफ्तार नहीं होंगे अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।