न्यूज 127.
नैनीताल एवं रामनगर क्षेत्र में रविवार को पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच उस समय जबरदस्त मुठभेड़ हो गई, जब पुलिस दबिश के दौरान जंगल में छिपे बदमाश ने घेराबंदी होते ही पुलिस टीम और वाहनों पर कई राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश चंदन सागर के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार चंदन सागर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वाला वांछित बदमाश है। उसके खिलाफ करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं और उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस टीम उसकी तलाश में दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान वह जंगल में जाकर छिप गया।
पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश ने पुलिस वाहनों को भी निशाना बनाया, जिससे एक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचना दी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया।
अतिरिक्त बल के पहुंचने के बाद पूरे जंगल की घेराबंदी कर बदमाश को चारों ओर से घेरा गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में चंदन सागर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मुठभेड़ की सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से फायरिंग से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा वांछित एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।








