न्यूज127, बदरीनाथ/चमोली।
भगवान बदरी विशाल के पवित्र धाम में इन दिनों आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। मंदिर परिसर और आसपास का पूरा क्षेत्र “जय बदरी विशाल” के गूंजते उद्घोष से भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए बदरीनाथ पहुंच रहे हैं।
इस विशाल जनसमूह के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए बदरीनाथ पुलिस पूरी तत्परता और समर्पण के साथ सेवा में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशों पर पुलिस प्रशासन हर स्तर पर मुस्तैदी से कार्य कर रहा है।

24 घंटे सेवा में तैनात पुलिस
बदरीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम दिन-रात श्रद्धालुओं की सहायता में लगी हुई है। चाहे यातायात व्यवस्था हो, भीड़ नियंत्रण या श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देना—हर मोर्चे पर पुलिस सक्रिय नजर आ रही है। खास बात यह है कि एक फोन कॉल पर ही श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सेवा भाव के आगे थकान भी बेअसर
लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के बीच पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं। कठिन परिस्थितियों और लगातार ड्यूटी के बावजूद पुलिस के चेहरे पर सेवा का भाव साफ झलक रहा है।
सरकार की सकारात्मक छवि को मजबूती
पुलिस की इस सक्रियता और सेवा भावना से प्रदेश सरकार, विशेषकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सकारात्मक छवि भी उभरकर सामने आ रही है। बदरीनाथ में व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालु संतुष्टि व्यक्त कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने की पुलिस की सराहना
राजस्थान के जोधपुर से आए एक श्रद्धालु ने बताया कि “उत्तराखंड पुलिस हमारी बेहद अच्छी सेवा कर रही है। हर जगह व्यवस्था सुचारू है और पुलिस पूरी तरह सहयोग कर रही है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार जताया।
विदित हो कि बदरीनाथ धाम में जहां एक ओर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था देखने को मिल रही है, वहीं दूसरी ओर बदरीनाथ पुलिस अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव से इस पावन यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि भक्तों की अपार भीड़ लगातार बदरीनाथ धाम पहुंच रही है। यात्रा मार्ग पर जाम ना लगे, इसके प्रयास किए जा रहे है। पुलिस कर्तव्य का निर्वहन कर रही है। बदरीनाथ धाम पुलिस को श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था के लिए निर्देशित किया गया है। पुलिस अपना कार्य ईमानदारी से करें, यही हमारा प्रयास है।




