नई दिल्ली।
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को रविवार को दिल्ली पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब वह दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर से होते हुए दिल्ली एक धरने प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। उनकी गिरफ्तारी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया है।
जानकारी के अनुसार भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को रविवार दोपहर दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर से गिरफ्तार किये जाने की बात कही गई है। उन्हें पुलिस ने मधु विहार थाने में बैठाकर रखा हुआ है। उनके साथ कुछ अन्य कार्यकर्ता भी है। सभी को एक अलग कमरे में बैठाया गया है।
वहीं इसे लेकर पश्चिमी यूपी में भाकियू कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। बताया गया कि राकेश टिकैत जंतर-मंतर पर चल रहे बेरोजगारों के धरने में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें हिरासत में ले लिया गया। राकेश की गिरफ्तारी के बाद यूपी पुलिस भी अर्लट हो गई है।
वहीं दूसरी और कई घंटे थाने में पुलिस हिरासत में रहने के बाद राकेश टिकैत को शाम करीब चार बजे रिहा कर दिया गया। उनके साथ अन्य कार्यकर्ताओं को भी थाने से ही रिहा किया गया। रिहाई के बाद भाकियू ने थानों के घेराव का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।