नवीन चौहान
हरिद्वार पुलिस कप्तान अजय सिंह की धुआंधार बल्लेबाजी जारी है। बदमाशों को खूब दौड़ाया जा रहा है। बदमाशों को तड़ी पार किया जा रहा है। संदिग्धों को दबोचने के लिए पुलिस की रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान में फुर्ती दिखाई जा रही है। पुलिस को मुस्तैद किया जा रहा है। पुलिस की कार्यशैली में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। वही दूसरी ओर मादक पदार्थो की तस्करी करने वाले नशा माफियाओं की कमर तोड़कर रख दी गई है। युवाओं को नशे की लत से दूर करने के लिए जागरूकता अभियान जारी है। हरिद्वार पुलिस की टीम सभी मोर्चो पर डटी हुई है। कप्तान अपनी टीम का मनोबल बढ़ा रहे है। लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि कप्तान अजय सिंह गेंदबाजी में धमाल दिखाने की तैयारी कर रहे है। इसके लिए तेज तर्रार पुलिस निरीक्षकों और उप निरीक्षकों के कार्यो की समीक्षा की जा रही है। जल्द ही पुलिस महकमे में तबादलों का दौर शुरू होगा। कई दारोगा क्लीन बोल्ड होंगे तो कुछ उत्साही दारोगाओं को मैदान में उतारा जायेगा।
एसएसपी अजय सिंह हरिद्वार जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास कर रहे है। पीड़ितों को तत्काल प्रभाव से न्याय दिलाने पर उनका पूरा फोकस है। बदमाशों का मनोबल तोड़ने और पुलिस का इकबाल बुलंद करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पुलिस और जनता के बीच की दूरियों को खत्म करने की मुहिम जारी है। इसी के चलते एसएसपी अजय सिंह गांव—गांव में खटियां बिछाकर ग्रामीणों से खूब बाते कर रहे है। ग्रामीणों की पुलिस स्तर पर होने वाली समस्याओं को दूर करने की दिशा में कार्य कर रहे है। पुलिस की कार्यशैली को भी खूब समझ रहे है। जनता और पुलिस के संबंधों की फीड बैक ले रहे है। पुलिस के मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया जा रहा है। एसएसपी अजय सिंह के खुद मैदान में उतरकर पुलिस की कार्यशैली को समझने के अंदाज से पुलिसकर्मियों को बोल्ड होने का खतरा नजर आने लगा है। पूरी संभावना है कि कप्तान अपनी गेंदबाजी में बड़ा धमाल करने वाले है। हालांकि अभी तो कप्तान बल्लेबाजी में मशगूल है। लेकिन जल्द ही उनकी गेंदबाजी देखने को मिलने वाली है।