सीएम पुष्कर धामी ने लापता हवलदार पंकज के परिजनों से की बात, मदद का भरोसा










Listen to this article

पथ प्रवाह, देहरादून।
चमोली जिले की नीति घाटी में भारी बारिश के बाद उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए सीमा सड़क संगठन के हवलदार पंकज की तलाश को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावी निर्देश दिए हैं। हवलदार पंकज के परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की गुहार लगाई थी, जिसका मुख्यमंत्री ने स्वतः संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को खोज एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सेना से लेकर एनडीआरएफ-एसडीआरएफ तक जुटीं टीमें

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए चल रहे अभियान की लगातार निगरानी की जाए और उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग करते हुए खोज अभियान को तेज किया जाए। हवलदार की तलाश में सेना, बीआरओ , आईटीबीपी, पुलिस, जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

पिथौरागढ़ के निवासी हैं हवलदार पंकज

हवलदार पंकज पिथौरागढ़ जिले के निवासी हैं। उनके लापता होने की सूचना के बाद पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने परिजनों से संवाद कर उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय भी परिवार के संपर्क में है और अभियान की प्रगति की लगातार जानकारी ली जा रही है।

सीएम ने फोन पर परिजनों से की बात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हवलदार पंकज के परिजनों से दूरभाष पर वार्ता कर उनका हाल जाना। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

‘सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। खोज एवं बचाव अभियान में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ी है और हवलदार पंकज को तलाशने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।