सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विवेक कृषि संदेश सेवा का किया शुभारम्भ




हरेला पर्व पर पूरे प्रदेश में साथ होगा वृक्षारोपण
सोनी चौहान
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत​ ने विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान द्वारा बनाये गये विवेक कृषि संदेश सेवा का शुभारम्भ किया।  मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि स्थानीय स्तर पर उत्पादित होने वाले उत्पाद के विपणन की उचित व्यवस्था की जायें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पर्वतीय जिलो में विपणन की सम्भावनायें तलाशी जायें। ताकि उत्पादित होने वाले माल को बेचा जा सकें।


मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य में लोगो को बेहतर सुविधायें प्रदान की जाए। इन बुनियादी सुविधाओ को प्रदान कर पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन पर लगाम लग सकेगी। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे उद्योगों को स्थापित कर यहा की आमदनी बढाने के प्रयास किये जायें।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि इस वर्ष हरेला पर्व के दिन पूरे प्रदेश में एक साथ वृक्षारोपण किया जायेगा। इसके लिए उन्होंने वन विभाग व सम्बन्धित अन्य विभागों को तैयारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कोसी पुर्नजनन अभियान के अन्तर्गत किये गये कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि बनाये गये टैंच होल की नियमित मानिटरिंग करने व भर गये टैच व होल के स्थान पर लगातार कार्य करने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने कहा कि फलदार वृक्षों को रोपने के कार्य को प्राथमिकता दी जायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वाल क्षेत्र में मशरूम की खेती से लोगो की आजीविका में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने मुख्य उद्यान अधिकारी को मशरूम उत्पादन की सम्भवनाओं को भी तलाशने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने व्यवसायिक हैम्प उत्पादन के लिए एक कलस्टर स्थापित करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिये और कहा कि कलस्टर के माध्यम से वहा पर हैम्प प्रोसेसिंग यूनिट राज्य सरकार द्वारा लगा दी जायेगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए साईन एज पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे जनपद में आकर्षक साईन एज लगाये जायेगें। जिससे पर्यटक आकर्षित हो सकें। इस दौरान उन्होंने तड़ागताल झील निर्माण के सम्बन्ध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। जिस पर अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इसकी डीपीआर तैयार कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि जनपद में होने वाले महोत्सवों में बाहर से आने वाले लोगो की संख्या में बढ़ोत्तरी के लिए प्रयास किये जाय जिससे स्थानीय लोगो के साथ-साथ देश-विदेश के लोग भी देखने आयें। बैठक में उन्होंने महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों से अनेक विषयों पर जानकारी प्राप्त की। और कहा कि निर्धन मेधावी बच्चों को देहरादून स्थित हिम ज्योति फाउण्डेशन विद्यालय के लिए तैयार किया जा रहा है। इस विद्यालय में उच्च स्तरीय सुविधायें बच्चों को दी जाती है। आपदा प्रबन्धन की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि किसी भी आपातकालीन स्थित व दुर्घटना के समय रिस्पांस टाईम कम से कम किया जाये। जिससे जान-माल की क्षति से बचा जा सके।
मुख्यमंत्री ने जागेश्वर मन्दिर प्रबन्धन समिति द्वारा प्रबन्धन समिति बनने के बाद हुए परिर्वतन के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और उन्हें बताया गया कि समिति बन जाने के बाद आय में वृद्धि के अलावा अनेक सौन्दर्यकरण कार्य किये गये है। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि अल्मोड़ा के संस्कृति के परिपेक्ष्य में एक लोकगीत तैयार किया जाय जिसमें अल्मोड़ा की संस्कृति व यहा की सभ्यता की झलक हो।
बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और सम्बन्धित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से सम्बन्धित किये गये कार्यों के बारे में पाॅवर पाइंट के माध्यम से बताया। इस दौरान कृषि, उद्यान, जागेश्वर मन्दिर प्रबन्धन समिति, जिला अस्पताल, महिला कल्याण, आपदा प्रबन्धन, जी0आई0एस0, कोसी पुर्नजनन अभियान, रूपान्तरण अभियान के अलावा अन्य विभागों के कार्यों का मुख्यमंत्री के सम्मुख प्रस्तुतीकरण दिया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान द्वारा बनाये गये विवेक कृषि संदेश सेवा का शुभारम्भ किया। इसके माध्यम से पंजीकृत किसानो को वायस मैसज के जरिये फसलों के समुचित प्रबन्धन व देखरेख की जानकारी मिल सकेगी। कार्यक्रम के दौरान विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा निर्मित विभिन्न उन्नत फसल बीज प्रजातियों का भी विमोचन किया गया। इससे पूर्व उन्होंने अनेक कृषकों को भी सम्मानित किया और उन्हें कृषि यंत्र वितरित किये। मुख्यमंत्री ने अपने भ्रमण के दौरान संस्थान के संग्रहालय का भ्रमण किया और इस संस्थान की प्रशंसा की।
इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चैहान, महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या, विधायक महेश नेगी, सुरेन्द्र सिंह जीना, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष गोविन्द पिलख्वाल, महेश नयाल, मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी अभय सिंह रावत, एसएसपी पीएन मीणा, मुख्य विकास अधिकारी मनुज गोयल, निदेशक वीपीकेएस ए पटनायक, अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत नरेन्द्र भण्डारी, उपजिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, मोनिका के अलावा जनपद स्तरीय अधिकारी व अन्य लोग उपस्थित थे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *