न्यूज 127, डोईवाला।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने डोईवाला विधानसभा क्षेत्र स्थित बड़ासी इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के प्रभावी शिक्षण एवं डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कंप्यूटर वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराते हुए आधुनिक शिक्षा के साथ जोड़ने पर जोर दिया गया।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रयास है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को भी आधुनिक शिक्षा, तकनीकी संसाधनों और बेहतर अवसरों का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी के कारण किसी भी विद्यार्थी को आधुनिक शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत के भविष्य के निर्माता हैं। शिक्षा में तकनीक का समावेश विद्यार्थियों के लिए ज्ञान के नए द्वार खोलने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर, सक्षम और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। डिजिटल संसाधनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी देश-दुनिया में उपलब्ध ज्ञान और नई तकनीकों से सीधे जुड़ सकते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक केवल सुविधा नहीं, बल्कि शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। ऐसे में विद्यालयों में तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और उनके भविष्य के अवसरों को विस्तार देने में सहायक होगी।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक बृजभूषण गैरोला सहित भाजपा कार्यकर्ता, विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


