पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कांग्रेस में लगाई सेंध, प्रमोद खारी भाजपा में शामिल





नवीन चौहान
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कांग्रेस में बड़ी सेंधमारी की है। कांग्रेस के बड़े जनाधार वाले पदाधिकारी प्रमोद खारी को भाजपा में शामिल करा दिया है। प्रमोद खारी के नेतृत्व में सैकड़ों काग्रेंसियों ने भाजपा की सदस्यता ली है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने प्रमोद खारी को आशीर्वाद दिया और भाजपा परिवार में शामिल होने की बधाई दी। सदस्यता कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
लक्सर के एक बैंकट हॉल में आयोजित प्रमोद खारी के सदस्यता कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटट व राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम पहुंचे। इस दौरान प्रमोद खारी ने सभी मुख्य अतिथियों का जोरदार स्वागत किया। सैकड़ों समर्थकों ने पुष्पवर्षा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमोद खारी ने कहा कि कांग्रेस में उनका दम घुट रहा था। बीस सालों की सेवा के बाद पार्टी में उनकी उपेक्षा की गई। कांग्रेस परिवारवाद तक सीमित रह गई थी। जबकि भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाता है। भाजपा में पार्टी के प्रति सेवा समर्पण करने वाले कार्यकर्ता को सम्मान मिलता है।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा में शामिल सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कि आप सभी पूरी आस्था के साथ भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को पंचायत चुनाव में जीत दिलाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रमोद खारी के युवा नेतृत्व में भाजपा की सदस्यता लेने वाले सभी सदस्यों का स्वागत और अभिनंदन है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटट ने कहा कि कांग्रेस एक डूबता जहाज है। जबकि भाजपा देश को प्रगति के पथ पर आगे लेकर जा रही है। भाजपा में शामिल होने वाले सदस्यों का सम्मान करना मेरी नैतिक जिम्मेदारी है। लेकिन पार्टी को मजबूत करने का कार्य आप सभी को करना है।
प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि भाजपा एक बड़ा परिवार है और बड़े दिल वाली पार्टी है। हमारी पार्टी में शामिल होने वाले सभी सदस्यों का स्वागत है। कार्यक्रम का संचालन मोहित कौशिक ने किया। जबकि भाजपा के शिवम कश्यप, नेपाल सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *