न्यूज 127, मेरठ।
पल्लवपुरम स्थित कोटपाल अस्पताल में रविवार, 11 अक्टूबर को मैक्स हॉस्पिटल (यूनिवर्सिटी रोड शाखा) के सहयोग से एक विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का औपचारिक उद्घाटन मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मेजर जनरल पंकज कौशिक, एसोसिएशन की सचिव मधु डांग और कोटपाल अस्पताल के संचालक डॉ. आदिप कोटपाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर के दौरान डॉ. सोमिल जैन और उनकी विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने क्षेत्र के 50 से अधिक मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, साथ ही बीमारियों से बचाव और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के तौर-तरीके साझा किए।

शिविर में पहुंचे लोगों के लिए कई प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इसमें मरीजों की निशुल्क ब्लड प्रेशर (रक्तचाप), ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल समेत लिपिड प्रोफाइल की जांच की गई।

चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी कि वे नियमित रूप से अपने स्वास्थ्य की जांच कराते रहें और शरीर में किसी भी बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें, ताकि समय रहते उचित उपचार किया जा सके।

शिविर को सफल बनाने में मैक्स अस्पताल की टीम और कोटपाल अस्पताल की टीम का विशेष सहयोग रहा। शिविर में पहुंचे लोगों ने कहा कि इस तरह के जांच शिविर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करते हैं।


