न्यूज 127, बड़कोट (उत्तरकाशी)।
मानसून सीजन के बाद चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (एसपी) उत्तरकाशी, कमलेश उपाध्याय ने यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग और विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने यात्रा मार्ग के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों, संवेदनशील स्थलों, पुलिस बैरियरों और रूट डायवर्जन प्वाइंट्स का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, सुचारू यातायात व्यवस्था और आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यात्रा के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी पहुंचकर उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, पार्किंग, घोड़ा-खच्चर पड़ाव और कुली एजेंसियों की व्यवस्थाएं देखीं। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए। साथ ही पैदल मार्ग पर घोड़ा-खच्चर व डंडी-कंडी के संचालन को भी सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया।
एसपी उत्तरकाशी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस व प्रशासन द्वारा जारी यातायात व सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और यात्रा को सुगम बनाने में सहयोग दें। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा, थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत, जानकीचट्टी चौकी प्रभारी राजेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


