साल 2022 के विधानसभा चुनाव की रणनीति का गवाह बनेगा होटल गॉडविन




नवीन चौहान.
होटल गॉडविन दो दिन से भगवा रंग से सराबोर है. पार्किंग में वीआईपी गाड़ियां. होटल के चारों ओर पुलिस का सुरक्षा घेरा और अंदर भाजपा के नेता, मंत्री और मुख्यमंत्री। यानि होटल के अंदर उत्तराखण्ड भाजपा सरकार।

यह मौका है भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा के दो दिवसयी उत्तराखंड दौरे का। इसी होटल में भाजपा की बैठक हो रही है। बैठक के दौरान न केवल सरकार के कामकाज का ब्यौरा लिया जा रहा है मंत्रियों से भी उनके विभागों की जानकारी ली जा रही है। संगठन के पदाधिकारियों को जो जिम्मेदारी दी गई थी उनमें वह कितना खरा उतरे यह भी देखा जा रहा है।

जिम्मेदारियों को संगठन की मंशा के अनुरूप पूरा किया जा रहा है या नहीं यह सब बैठक के दौरान समीक्षा हो रही है। बैठक में नवनियुक्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, भाजपा के सभी सांसद, कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री, भाजपा विधायक, भाजपा संगठन के सभी पदाधिकारी, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल है।

ये माना जा रहा है कि भाजपा अब पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है। वह किसी भी कीमत पर प्रदेश में अपनी सत्ता को फिर काबिज करने के लिए एडी चोटी का जोर लगाने में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ रही है। यही कारण है कि आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जो रणनीति बन रही है उसका गवाह होटल गाडविन बनेगा।

हरिद्वार देहरादून की सीमा पर स्थिति होटल गाडविन में दो दिन से पार्टी के दिग्गज चुनाव को लेकर मंथन कर रहे हैं। केंद्र और भाजपा सरकार की योजनाओं और नीतियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। अब देखना यही है कि आने वाले दिनों में जनता का रूख भाजपा को लेकर क्या होता है। इस बार प्रदेश में आम आदमी पार्टी भी लोकलुभावन घोषणाओं के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *