न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस (International Day of Sign Languages) के अवसर पर बुधवार (23 सितंबर) को पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम हॉल में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक विशेष सांकेतिक भाषा (Sign Language) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम ‘ऑल उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ द डेफ’ (AUPAD) के तत्वावधान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेरठ के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन एवं प्रतिसार निरीक्षक के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मूक-बधिर व श्रवण एवं वाक् बाधित पीड़ित व्यक्तियों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझना, उनकी शिकायतों को प्रभावी ढंग से सुनना और उन्हें त्वरित व समुचित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने पुलिसकर्मियों को दैनिक पुलिस कार्यवाही में काम आने वाले विभिन्न सांकेतिक शब्दों व संकेतों की जानकारी दी। साथ ही मूक-बधिर व्यक्तियों के साथ संवेदनशीलता और प्रभावी ढंग से संवाद स्थापित करने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए।
इस दौरान एसएसपी मेरठ, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन तथा प्रतिसार निरीक्षक सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


