गलत खाते में ट्रांसफर हुए महिला के 2 लाख रुपये पल्लवपुरम पुलिस ने कराए वापस




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ।
थाना पल्लवपुरम की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए भूलवश गलत खाते में आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से ट्रांसफर हुई 2 लाख रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि आवेदिका को सकुशल वापस दिला दी है। पूरी रकम वापस मिलने पर आवेदिका ने मेरठ पुलिस की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोदीपुरम (थाना पल्लवपुरम) निवासी अंजली पुत्री धर्मपाल सिंह ने गत 28 जनवरी को थाना पल्लवपुरम में शिकायत दर्ज कराई थी कि भूलवश उनके बैंक खाते से 2 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए किसी अन्य अज्ञात खाते में ट्रांसफर हो गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेशानुसार पल्लवपुरम थाना
पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने तत्काल कार्रवाई की। साइबर टीम ने संबंधित बैंक और बेनेफिशियरी से संपर्क व समन्वय स्थापित कर तत्काल उक्त रकम को फ्रीज कराया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए आवेदिका के पूरे ₹2,00,000 वापस उनके खाते में हस्तांतरित करवा दिए।

इस सफल एवं सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में पल्लवपुरम थानाध्यक्ष भरत सारस्वत एवं उपनिरीक्षक मनोज बैसोया शामिल रहे। पैसे वापस मिलने पर आवेदिका अंजली और उसके परिजनों ने पल्लवपुरम पुलिस का आभार जताया है।