कैंची धाम में खाकी ने किया शर्मसार, एसएसपी का कड़ा प्रहार, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड








Listen to this article

न्यूज 127, नैनीताल।
कैंची धाम स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा अनुशासनहीनता और आपराधिक कृत्य का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया और स्पष्ट संदेश दिया कि खाकी की गरिमा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, अपर उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद (थाना केलाखेड़ा, उधम सिंह नगर) और हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार (थाना गदरपुर, उधम सिंह नगर) कैंची धाम ड्यूटी में तैनात थे। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी रात्रि के समय एक होमस्टे में रुके, जहां उन्होंने अत्यधिक शराब का सेवन किया। नशे की हालत में उन्होंने होमस्टे संचालक के परिवार की युवती के साथ छेड़छाड़ की, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
जब परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो दोनों पुलिसकर्मियों ने अभद्रता करते हुए मारपीट तक कर डाली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और तत्काल सीओ, एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों आरोपियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली भवाली में नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
इस घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस विभाग ने दोनों आरोपितों को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जिसमें सेवा से बर्खास्तगी तक की प्रक्रिया शामिल है। साथ ही उनके मूल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी पूरे प्रकरण की रिपोर्ट भेज दी गई है। एसएसपी ने साफ कहा कि धार्मिक ड्यूटी के दौरान इस तरह का कृत्य न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि पुलिस की साख को भी गहरा नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी है कि ड्यूटी के दौरान नशाखोरी, अनुशासनहीनता या किसी भी प्रकार का आपराधिक व्यवहार करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि कानून सबके लिए समान है—चाहे वह आम नागरिक हो या वर्दीधारी।