कद्दूखाल में भूस्खलन, दो मंजिला रेस्टोरेंट क्षतिग्रस्त, जांच और मुआवजे की मांग








Listen to this article

न्यूज 127, नई टिहरी।
टिहरी गढ़वाल के कद्दूखाल कस्बे में बुधवार शाम भूस्खलन होने से दहशत फैल गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए (चम्बा-मसूरी हाईवे) पर स्थित एक दो मंजिला रेस्टोरेंट भूस्खलन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। खतरे को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोगों ने आसपास के मकान, दुकानें, रेस्टोरेंट तथा श्रमिकों की झुग्गियां तत्काल खाली करा दीं। समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रथम दृष्टया घटना के पीछे समीप एक निजी होटल निर्माण के लिए कराई जा रही खुदाई को कारण माना जा रहा है। आरोप है कि प्रभावित भवनों के पिछले हिस्से में की जा रही खुदाई से भूमि कमजोर हो गई, जिससे अचानक भूस्खलन हो गया और रेस्टोरेंट सहित अन्य परिसंपत्तियां खतरे की जद में आ गईं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य सीता मनवाल, वरिष्ठ नेता आनन्द सिंह बेलवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष शान्ति प्रसाद भट्ट और दिनेश कोहली सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोष तय होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा प्रभावित परिवारों को उनके नुकसान के अनुरूप मुआवजा देने की मांग की। साथ ही प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास अथवा सुरक्षा मानकों के अनुरूप क्षेत्र का स्थायी उपचार कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की भी मांग उठाई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों का सर्वे कर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की है।