यूपी पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा एक लाख इनामी योगेश भदौड़ा ऊधमसिंहनगर पुलिस ने दबोचा








Listen to this article

न्यूज 127, उधमसिंहनगर।
जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देशों के क्रम में कोतवाली आईटीआई पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा कॉलर की निशानदेही पर पुरानी चौकी चैती के पास स्थित खंडहर के निकट घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम योगेश मलिक उर्फ भदौड़ा पुत्र भोपाल सिंह, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश बताया। जामातलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, 03 जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुए। अभियुक्त को उसके अपराध से अवगत कराते हुए धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।
गहन पूछताछ एवं अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित करने पर पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्त उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा घोषित एक लाख रुपये का इनामी गैंगस्टर है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ में गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत है। इसके अतिरिक्त थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0 216/2010 धारा 147/148/149/307 आईपीसी में भी अभियुक्त लंबे समय से वांछित चल रहा था, जिसकी पुष्टि थाना गंगोह पुलिस द्वारा की गई है। अभियुक्त पर हत्या, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न संगीन अपराधों में कई मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है तथा संबंधित राज्यों की पुलिस को आवश्यक सूचना उपलब्ध कराई जा रही है।
पुलिस टीम में विक्रम राठौर, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली आईटीआई, उ0नि0 हरविंदर सिंह, हे0का0 सिराज हुसैन, का0 42 रमेश बंगयाल, पीआरडी जवान अनिल शामिल रहे।