मेरठ पुलिस ने जेल चुंगी से सब्जी मंडी तक हटवाए ठेले और दुकानें




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस ने विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह कार्रवाई यातायात पुलिस, थाना सिविल लाइन तथा पुलिस चौकी जेल चुंगी द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जेल चुंगी चौराहे से लेकर किला परीक्षितगढ़ रोड स्थित सब्जी मंडी तक सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया। मार्ग में यातायात बाधित कर रहे दुकानदारों, फल व सब्जी की रेहड़ी एवं ठेलियों को सड़क से हटवाकर निर्धारित स्थानों व सड़क के किनारे व्यवस्थित कराया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी दुकानदारों और ठेली संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे भविष्य में सड़कों पर अतिक्रमण न करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें। मेरठ पुलिस के अनुसार, शहर में सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।