मां नंदा देवी महोत्सव के लिए नैनीताल पुलिस ने कसी कमर, SSP मंजूनाथ टीसी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा




Listen to this article

न्यूज 127 नैनीताल।
ऐतिहासिक एवं धार्मिक मां नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। महोत्सव में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मंजूनाथ टीसी ने स्वयं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।

कंट्रोल रूम और यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मेला क्षेत्र पहुंचकर मेला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम), सीसीटीवी निगरानी कक्ष, रूट डायवर्जन प्वाइंट्स तथा अन्य संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से भीड़ प्रबंधन व यातायात संचालन की अद्यतन स्थिति जानी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। साथ ही पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी गई।

आरती में हुए शामिल, मांगी सुख-समृद्धि की कामना
निरीक्षण के उपरांत एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने सायंकालीन आरती में प्रतिभाग कर मां नंदा देवी की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। नैनीताल पुलिस ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी यातायात व सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन कर सहयोग करें।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं यातायात) डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक (संचार) रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।