न्यूज 127, हरिद्वार।
विकास भवन सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में कुष्ठ रोगियों के कल्याण एवं पुनर्वास को लेकर एक महत्वपूर्ण अंतरविभागीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं का स्थाई समाधान निकालने के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कुष्ठ रोगियों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। इसके अलावा, जो पात्र लाभार्थी अब तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड और अन्य सरकारी योजनाओं से वंचित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जोड़ना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान सीडीओ ने कुष्ठ रोगियों के बच्चों की समुचित शिक्षा की व्यवस्था और उनके परिवारों के पुनर्वास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ पालन करें। विभागवार कार्ययोजना तैयार कर पात्र लोगों को योजनाओं से आच्छादित किया जाए और जो भी मामले या आवेदन लंबित पड़े हैं, उनका समयबद्ध सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. आर.के. सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार सहित समाज कल्याण, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


