संजीव शर्मा
नोएड़ा की थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश टॉप टेन सूची में शामिल शातिर बदमाश है। मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार बदमाश का एक साथी फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मौके से एक बाइक और तमंचा बदमाश के कब्जे से बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस पुस्ता सेक्टर 128 के पास चेकिंग कर रही थी। बताया गया कि उसी समय बिना नम्बर की एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखायी दिये। पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया लेकिन उन्होंने पुलिस से बचकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलायी जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी। घायल बदमाश का नाम मुस्तकीम उर्फ मुक्की पुत्र जमील निवासी ग्राम असगरपुर थाना एक्सप्रेस-वे जिलाा गौतमबुद्धनगर बताया गया है। बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश थाना एक्सप्रेसवे का वांछित हिस्ट्रीशीटर है। उसके ऊपर विभिन्न थानों मेें करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मुस्तकीम थाना एक्सप्रेस-वे के टाॅप टेन बदमाशों की सूची में भी शामिल है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है।