न्यूज 127. मेरठ।
मेरठ कैंट बोर्ड में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनोनीत पार्षद सतीश चंद शर्मा को तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने पार्किंग ठेके के नवीनीकरण के बदले ठेकेदार से रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार की शिकायत अंसल टाउन स्थित आवास से मनोनीत पार्षद को पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम ने उनके आवास और लालकुर्ती स्थित होम्योपैथिक क्लीनिक पर भी जांच की।
यह कार्रवाई गाजियाबाद सीबीआई टीम ने की। टीम ने कार्रवाई से पहले पल्लवपुरम थाना पुलिस को सूचना देकर पुलिस फोर्स की मांग की। टीम निरीक्षक परविंदर कुमार तोमर के नेतृत्व में सीबीआई की टीम यहां पहुंची। देर रात पल्लवपुरम की अंसल टाउन सोसाइटी पहुंची सीबीआई उनके डुप्लेक्स में छानबीन करती रही। पेशे से होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. सतीश चंद्र शर्मा रक्षा मंत्रालय की ओर से नामित कैंट बोर्ड के सदस्य हैं। उनका घर लालकुर्ती में है, अंसल टाउन में भी डुप्लेक्स मकान है।
बताया जा रहा है कि शनिवार को कैंट बोर्ड की बैठक होनी थी, एक ठेकेदार ने पार्किंग ठेका नवीनीकरण के लिए आवेदन किया हुआ था। आरोप है कि ठेका नवीनीकरण के लिए सतीश शर्मा ने ठेकेदार से तीन लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। जिसके बाद ठेकेदार ने इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी। शिकायत के बाद सीबीआई की टीम ने अपना जाल बिछा दिया और डॉ सतीश शर्मा को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। हालांकि सीबीआई ने गिरफ्तारी के संबंध में आधिकारिक रूप से भी अभी कोई बयान जारी नहीं किया है।




