कठिन मेहनत और परिश्रम से पहले ही प्रयास में पीसीएस परीक्षा में शानदार सफलता
पथ प्रवाह, हरिद्वार।
कनखल थाना क्षेत्र के ग्राम जियापोता की प्रतिभाशाली बेटी रचना सिंह ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर उपखंड शिक्षा अधिकारी पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
रचना सिंह, उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत संतोष कुमार की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद बी.एससी., एम.ए. और बी.एड. की उच्च शिक्षा प्राप्त की। उनकी सफलता का सबसे प्रेरणादायक पहलू यह है कि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार तीनों चरणों को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर यह मुकाम हासिल किया।
पिछले छह से सात वर्षों से रचना सिंह शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वह बच्चों को कोचिंग देने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करती रही हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की मदद कर उन्हें आगे बढ़ने का मार्ग भी दिखाया है। उनकी यह सामाजिक प्रतिबद्धता उन्हें एक संवेदनशील और समर्पित शिक्षा अधिकारी के रूप में स्थापित करती है।
रचना सिंह का सफलता का सफर आसान नहीं रहा। आईएएस की तैयारी के लिए वह दिल्ली गई थीं, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान परिस्थितियों के चलते उन्हें वापस अपने गांव लौटना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य के प्रति अडिग रहीं। पारिवारिक चुनौतियों और सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने निरंतर मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।
उनकी इस सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने रचना सिंह की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
रचना सिंह की यह उपलब्धि यह स्पष्ट संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदारी से की जाए और आत्मविश्वास बना रहे, तो किसी भी कठिन परिस्थिति में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी कहानी न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है।




