News127, अल्मोड़ा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत 28 नवंबर को प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इसी कड़ी में अल्मोड़ा जिले की सभी तहसीलों और ब्लॉकों में 10 स्थानों पर विभिन्न आपदाओं से निपटने का मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। अभ्यास के दौरान भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, सड़क दुर्घटना, वनाग्नि, हिमपात, आपातकालीन स्थितियों और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों को परखा जाएगा।
मॉक अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, राहत व बचाव दल, सैन्य बल और विभिन्न गैर सरकारी संगठन हिस्सा लेंगे। इससे पहले मंगलवार को एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमों ने जिले के अलग-अलग स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को आपदा के दौरान बचाव के तरीके, सुरक्षा उपायों और जरूरी सावधानियों के बारे में बताया।
इस आयोजन का उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाना, तेज राहत व बचाव कार्य सुनिश्चित करना और लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक करना है।


