न्यूज 127, हरिद्वार.
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में सोमवार को द डीपीएस सोसाइटी, नई दिल्ली के तत्वावधान में दो दिवसीय अंतर-डीपीएस राष्ट्रीय तैराकी (बालक ओपन) प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में देशभर के 35 डीपीएस विद्यालयों से पहुंचे युवा तैराकों ने पहले दिन अपनी गति, तकनीक, सहनशक्ति और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान और भेल शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि मदन कौशिक ने प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। विधायक आदेश चौहान और राजीव शर्मा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, दृढ़ संकल्प, निरंतर प्रयास और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने अतिथियों को पौधे भेंट कर स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने देशभर से आए प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर प्रदान करने के लिए द डीपीएस सोसाइटी, नई दिल्ली का आभार जताया।

35 विद्यालयों के तैराकों ने लिया हिस्सा
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में डीपीएस बेंगलुरु ईस्ट, बेंगलुरु साउथ, बरेली, भटिंडा, बुलंदशहर, छतरपुर, देवबंद, फरीदाबाद, गया, गोमती नगर एक्सटेंशन, ग्रेटर नोएडा, हल्द्वानी, हावड़ा, इंदिरा नगर लखनऊ, इंदिरापुरम गाजियाबाद, जानकीपुरम लखनऊ, जोरहाट असम, लावा नागपुर, मथुरा रोड, नचाराम, नादरगुल, नोएडा, पलवल, पटियाला, आरके पुरम, आरएन एक्सटेंशन गाजियाबाद, रायपुर, रानीपुर हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, सहारनपुर, साकेत, सिलीगुड़ी, वाराणसी और वसंत कुंज के तैराकों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के पहले दिन 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 50 मीटर बटरफ्लाई, 50 मीटर बैकस्ट्रोक, 50 मीटर फ्रीस्टाइल और 4×100 मीटर रिले समेत विभिन्न स्पर्धाओं में मुकाबले हुए।
युवा तैराकों ने शानदार गति और असाधारण सहनशक्ति का प्रदर्शन करते हुए हर रेस में जीत के लिए पूरा जोर लगाया। दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन के बीच मुकाबले रोमांचक बने रहे। विशेष रूप से 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में टीमों के बीच शानदार तालमेल और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

दूसरे दिन भी होंगे रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता का दूसरा और अंतिम दिन भी रोमांचक मुकाबलों से भरपूर रहेगा। मंगलवार को 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 100 मीटर बैकस्ट्रोक और 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धाओं में तैराक अपना दमखम दिखाएंगे।








