News127 खटीमा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी को कार्तिक पूर्णिमा व प्रकाश पर्व की बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के जीवन और उपदेश मानव समाज को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार का मार्ग दिखाते हैं। उनकी शिक्षाएं समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ ही जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं और आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के पास धर्मशाला निर्माण जैसे कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है, जहां सरकार धार्मिक स्थलों के विकास व आध्यात्मिक-सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एडीएम विनोद कुमार, निर्मला बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।


