- 37 डीपीएस विद्यालयों के 350 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
न्यूज 127, हरिद्वार।
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में आयोजित दो दिवसीय इंटर-डीपीएस राष्ट्रीय एथलेटिक्स मीट (बालक ओपन)-2026 का मंगलवार को भव्य समापन हो गया। देशभर के 37 दिल्ली पब्लिक स्कूलों के 350 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में डीपीएस फरीदाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल टीम चैंपियनशिप अपने नाम की। डीपीएस दुर्ग दूसरे और डीपीएस बाल्को तीसरे स्थान पर रहा।
दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में भेल हरिद्वार के महाप्रबंधक एवं डीपीएस रानीपुर के प्रो-वाइस चेयरमैन नरेंद्र सिंह राणा मुख्य अतिथि रहे। डीपीएस रानीपुर के सदस्य आशीष गुप्ता और अमित तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह राणा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों में जीत और हार दोनों का अपना महत्व है। प्रतियोगिता में कुछ खिलाड़ी जीत हासिल करते हैं, जबकि अन्य अपने अनुभवों से सीख लेकर भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की तैयारी करते हैं। खेलों की वास्तविक भावना अनुशासन, समर्पण और खेल भावना में निहित है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने बताया कि 23 और 24 नवंबर को आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़, रिले रेस, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। सभी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में 800 मीटर दौड़ में डीपीएस फरीदाबाद के सागर सैनी, 400 मीटर में सागर सैनी और 100 मीटर दौड़ में विहान खन्ना ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 1500 मीटर दौड़ में राम सैनी ने डीपीएस फरीदाबाद को स्वर्ण दिलाया। ऊंची कूद में डीपीएस ग्रेटर नोएडा के नक्ष कुमार, गोला फेंक में डीपीएस फरीदाबाद के देव और भाला फेंक में मान सिंह भड़ाना ने पहला स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में डीपीएस विशाखापत्तनम के पी. सन्मुख शिवाजी विजेता रहे।
रिले स्पर्धाओं में भी डीपीएस फरीदाबाद का दबदबा रहा। विद्यालय की टीम ने 4×100 मीटर और 4×400 मीटर दोनों रिले रेस में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। डीपीएस फरीदाबाद के देव को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह राणा, आशीष गुप्ता, प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा और उपप्रधानाचार्य पविंदर सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतिभागी विद्यालयों की टीमों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और मैच रेफरी को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
डॉ. अनुपम जग्गा ने आयोजन की सफलता पर सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेलों का उद्देश्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि निरंतर सीखना, प्रयास करना और आगे बढ़ना भी है।


